Friday, February 1, 2019

पथ निर्माण मंत्री ने भभुआ में शिलान्यास के साथ की कई घोषणाएं, कहा कि कैमूर जिले से 5 घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य प्राप्त करने में जुटी है सरकार

भभुआ। कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ के नगरपालिका मैदान में पहुंचे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने शुक्रवार को जहां 9 योजनाओं का शिलान्यास किया, वहीं कई अन्य घोषणाएं कीं। हालांकि अनेक योजनाओं का कार्य लोक सभा चुनाव के बाद ही संभव हो पाएगा। पथ निर्माण मंत्री ने जिन 9 योजनाओ का शिलान्यास किया, उनमें पुल और सड़क निर्माण की योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कैमूर जिला की सड़कों के विकास का लक्ष्य तय किया गया है। चूंकि यह उत्तर प्रदेश से सटा हुआ जिला है, इसलिए हमने तय किया है कि 5 घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य प्राप्त हो। इसके लिए कई योजनाओं पर हम काम कर रहे हैं। आरा मोहनिया पथ की स्थिति खराब थी। उसके निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। अगले 6 महीने में उसे पूर्ण करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कैमूर जिला वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित जिला रहा है। भारत सरकार ने जिले के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में 12 सड़कों के लिए 116 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। हमने डीपीआर बनाने का आदेश दिया है। उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद उन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होगा। पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि कैमूर जिले में आने वाले दिनों में विकास के लिए बड़ी धनराशि खर्च करने की हमारी योजना है। साथ साथ सड़कों को केवल बनाना हमारा उद्देश्य नहीं है, बल्कि सड़कें मेंटेन रहें इसके लिए भी हमने टेंडर किया है। अगले 7 साल तक 141 करोड़ रुपए खर्च कर हम बनी हुई सड़कों को उसी रूप में मेंटेन रखने का कार्य भी करेंगे।

कैमूर टाइम्स के लिए दिलीप उपाध्याय की रिपोर्ट