Saturday, February 16, 2019

आतंकी हमले से कैमूर में उबाल, टोल प्लाजा पर भी लगे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे

भभुआ। पुलवामा में आतंकी हमले में जवानों की शहादत की खबर मिलते ही पूरा देश गुस्से में है। उसी गुस्से का इजहार करते हुए कैमूर जिले के लोग कई तरीके से शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि व पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश को अभिव्यक्त कर रहे हैं। कहीं पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी हो रही है तो कहीं पाकिस्तानी झंडा को आग के हवाले किया जा रहा है। कहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला जलाया जा रहा है तो कहीं शहीद जवानों की याद में कैंडल मार्च निकालकर लोग उनके प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहे हैं। इस कड़ी में शनिवार को देश के व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो  के मोहनिया टोल प्लाजा के कर्मियों ने भी शहीद जवानों के प्रति कैंडल मार्च निकालकर 2 मिनट का मौन रखा। साथ ही जवानों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित की और पाकिस्तान मुर्दाबाद, भारत माता की जय आदि जैसे नारे लगाए।
उनका नेतृत्व टोल प्लाजा के उप प्रबंधक निशांत राज कर रहे थे। उनके नेतृत्व में टोल प्लाजा कर्मी हाथों में तिरंगा और कैंडल लेकर चल रहे थे। टोल प्लाजा उप प्रबंधक निशांत राज ने कहा कि आतंकी हमले का जवाब हिंदुस्तान को सख्ती से देना चाहिए। हमारे सैनिकों को पता है कि कब और कैसे क्या करना है। हम सभी अपने वीर सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पूरा हिंदुस्तान सैनिकों के साथ खड़ा है।
NH2

कैमूर टाइम्स के लिए रंजन त्रिगुण की रिपोर्ट